देशभर में नीट पेपर लीक मामले को लेकर जारी विवाद के बीच बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। आज से नीट-यूजी की होने वाली काउंसलिंग को स्थगित कर दिया गया है। जल्द ही काउंसेलिंग की नई तारीखों का एलान किया जाएगा।
दरअसल, एनटीए ने मई महीने में नीट-यूजी 2024 परीक्षा का आयोजन किया था। बीते 4 जून को परीक्षा का रिजल्ट जारी होने के साथ ही उसको लेकर विवाद शुरू हो गया था। अभ्यर्थियों ने परीक्षा में धांधली का आरोप लगाते हुए पूरे देश में प्रदर्शन किया। पूरे देश में इसको लेकर विवाद बढ़ गया। पेपर लीक का आरोप लगने के बाद बिहार में आर्थिक अपराध इकाई ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पेपर लीक का खुलासा हुआ और कई लोगों को गिरफ्तारियां हुई। इसके बाद केंद्र सरकार ने जांच का जिम्मा सीबीआई को सौंप दिया। फिलहाल सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है। इस बीच मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, हालांकि कोर्ट ने काउंसेलिंग पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था और 1563 संदिग्ध अभ्यर्थियों की के लिए फिर से परीक्षा को आयोजित करने का आदेश दिया।


































